11 मौतों में सिस्टम की चूक?: 40 गांव के लोग हर साल विसर्जन करते हैं, फिर भी पुलिस-कोटवार नहीं थे; ट्रैक्टर ड्राइवर के पास लाइसेंस भी नहीं

खंडवा के जामली खुर्द गांव के तालाब में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 11 लोगों की मौत के बाद कई सवाल खड़े हुए हैं। क्या यह सिर्फ एक हादसा था? या यह प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता का नतीजा था, जिसे आम आदमी की जान से कोई मतलब नहीं?

भास्कर ने जब इस पूरी घटना की सिलसिलेवार पड़ताल की तो खुलासा हुआ कि जिस तालाब पर 30-40 गांव के लोग मूर्ति विसर्जन करने पहुंचते हैं, वहां घटना के दिन पुलिस बल ही तैनात नहीं था। गांव का कोटवार भी नदारद था। जिस ड्राइवर ने ट्रैक्टर को पानी में उतार दिया उसके पास ट्रैक्टर चलाने का लाइसेंस ही नहीं था।

सिलसिलेवार बताते हैं कि कौन है 11 मौतों के जिम्मेदार और उनकी क्या लापरवाही रही? पढ़िए रिपोर्ट…

हादसे के दिन नदारद पुलिस, हादसे के बाद नजर आई
गुरुवार शाम को हादसे के बाद शुक्रवार यानी 3 अक्टूबर को हादसे में मारे गए सभी लोगों के शव गांव पहुंचे। शवों के पहुंचने से पहले ही गांव में भारी पुलिस बल तैनात हो गया। पुलिस की बसें गांव से 3 किमी दूर खड़ी थीं, क्योंकि गांव तक पहुंचने के लिए कोई ढंग का रास्ता नहीं था। सुबह करीब 9 बजे खबर आई कि पीड़ित परिजन से मुलाकात करने मुख्यमंत्री आ रहे हैं।

इस खबर के आते ही जो प्रशासन कल तक नदारद था, वह हरकत में आ गया। एक घंटे के भीतर 4 डंपर और एक जेसीबी बुलाई गई। गड्ढों से भरी, कीचड़ सनी उस संकरी पगडंडी पर मुरम डालने का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया, जिसे गांव वाले सड़क कहते हैं। सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ काम दोपहर 1 बजे तक पूरा हो गया।

महज 4 घंटों में मुख्यमंत्री के काफिले के लिए एक अस्थायी सड़क तैयार थी। जिस पुलिस को दशहरे के दिन उस तालाब पर मुस्तैद होना था, वह आज मुख्यमंत्री के दौरे के लिए सड़क बनवाने में मुस्तैद थी।

अब जानिए इस हादसे के लिए जिम्मेदारों के बारे में

घटना के बाद ड्राइवर फरार हुआ, दूसरे दिन पकड़ा गया
घटना में बचे लोगों और चश्मदीदों ने एक सुर में कहा कि पहला जिम्मेदार ड्राइवर दीपक ही है। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने उसके मामा के गांव आरुद से हिरासत में लिया।”

बाइक से विसर्जन देखने गए सुनील ने बताया, ‘हमने ड्राइवर को रोकने की कोशिश की, उसे चिल्लाकर कहा कि आगे पानी गहरा है। उसने या तो सुना नहीं, या अनसुना कर दिया। तालाब के पास आते ही उसने स्पीड और बढ़ा दी और ट्रैक्टर पलट गया।

दीपक के परिजन बोले- उसके पास लाइसेंस नहीं
दीपक के बड़े पापा गंगाराम का दावा है कि दीपक को ट्रैक्टर चलाने के लिए मजबूर किया गया था। उन्होंने कहा, ‘दीपक तो बाइक से निकला था। ट्रैक्टर काकोडा में पंचर हो गया, तो वहां के किसी धर्मेंद्र का ट्रैक्टर लिया गया और लोगों ने दीपक पर चलाने का दबाव बनाया ।

उसने पहले ट्रैक्टर रोका भी था, लेकिन ट्रॉली में बैठे लोगों ने ही उसे आगे ले जाने को कहा।’ गंगाराम से पूछा क्या दीपक के पास लाइसेंस था? तो बोले- नहीं, उसके पास लाइसेंस नहीं है। वह 5-6 साल से सिर्फ घर का ट्रैक्टर खेती-किसानी के काम में चलाता है।”

कोटवार बोला- मौके पर मौजूद था, लोग बोले- नहीं था
जमाई गांव के युवा आकाश, जो घटना के बाद सबसे पहले तालाब में कूदे और 15 लोगों को बाहर निकाला, कहते हैं, ‘अगर यहां पुलिस या कोटवार होता, तो ट्रैक्टर को पानी में जाने ही नहीं दिया जाता। जानें बच सकती थीं।’ 40 सालों से उसी तालाब में मूर्ति विसर्जित कर रहे ग्रामीणों ने भी पुष्टि की कि हर साल वहां पुलिस या चौकीदार होते थे, लेकिन इस बार कोई नहीं था ।

जब हमारी टीम कोटवार लोकेंद्र बारे से मिली, तो वह अपनी ड्रेस में नहीं थे और अपने गांव की मूर्ति विसर्जित करा रहे थे। उन्होंने दावा किया, ‘मैं ड्यूटी पर था। मैंने ट्रैक्टर ड्राइवर को रोका, पर वह नहीं रुका। बोला कि मुझे रास्ता पता है।’ ग्रामीणों का कहना है कि कोटवार घटना के बाद मौके पर पहुंचा था

टीआई बोले- थाने पर स्टाफ की कमी
जमाई खुर्द तालाब पर हर साल विसर्जन होता है। ये जानते हुए भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए। जब ये सवाल पंधाना टीआई दिलीप देवड़ा से पूछा तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया, लेकिन ऑफ-कैमरा कहा कि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है।

थाने के अन्य पुलिसकर्मियों ने भी स्टाफ की कमी का रोना रोया। उन्होंने बताया कि पूरे थाने में 8-9 लोगों का स्टाफ है, जिससे 48 गांवों को संभालना पड़ता है।

पुलिस बड़ी जगहों पर तैनात होती है, छोटी जगहों पर नहीं: एसपी
घटना के अगले दिन गांव में 30 से ज्यादा जवानों और 4 लेयर की बैरिकेडिंग के साथ मुख्यमंत्री की सुरक्षा का प्रबंधन कर रहे एसपी से पूछा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारी ले जाना कानूनी है? तो उन्होंने कहा, “वो सवारी नहीं थी, गांव और परिवार के लोग विसर्जन के उद्देश्य से जा रहे थे।

उनसे ये भी पूछा कि पुलिस वहां मौजूद नहीं थी, तो उन्होंने कहा कि कोटवार मौजूद था, जबकि ग्रामीणों ने इससे इनकार किया। एसपी ने माना कि बड़ी जगहों पर पुलिस की ड्यूटी होती है और छोटी जगहों पर होमगार्ड से काम चलाया जाता है।

ऐसी कितने जगह बैरिकेडिंग करेंगे: कलेक्टर
इस मामले को लेकर कलेक्टर ने चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा ऐसे तालाब हर गांव में मिल जाएंगे। कहां-कहां बैरिकेड करेंगे? कोई उथला पानी समझकर निकल जाए तो पूरे तालाब को थोड़ी बैरिकेड कर दोगे। कलेक्टर से पुलिस ड्यूटी के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वहां सिर्फ कोटवार की ड्यूटी लगती है।

उनसे जब पुलिस बल की कमी का सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “पुलिस की ड्यूटी लगी थी, लेकिन उसी दिन पंधाना में एक और घटना हो गई, जहां एक डीजे लोगों पर चढ़ गया। सारा पुलिस बल वहां चला गया।” घटना को लेकर कलेक्टर ने कहा कि ड्राइवर थोड़ा शराब में था, ओवरकॉन्फिडेंस में घटना कर बैठा।

  • विकास रोहरा

    माधव नगर केरन लाइन डायमंड स्कूल के पीछे 215 कटनी मध्य प्रदेश मो.नं - 74154 51393

    Related Posts

    चेट्रीचंड्र महोत्सव: महिलाओं व बच्चियों की भव्य बाइक रैली, जय झूलेलाल के जयघोष से गूंजा तिल्दा-नेवरा

    तिल्दा-नेवरा।चेट्रीचंड्र एवं भगवान झूलेलाल जी के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर गुरुवार को तिल्दा-नेवरा शहर में महिलाओं एवं बच्चियों द्वारा भव्य एवं आकर्षक बाइक रैली निकाली गई। शाम 5:00 बजे…

    तिल्दा-नेवरा में 16 मार्च को चेट्रीचंड्र महोत्सव, वर्ल्ड फेमस नंबर वन सिंधी सिंगर मोहित लालवानी देंगे प्रस्तुति

    तिल्दा-नेवरा। चेट्रीचंड्र एवं हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर पर तिल्दा-नेवरा में भव्य चेट्रीचंड्र महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य कार्यक्रम 16 मार्च को रात 8 बजे…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    अन्य समाचार

    चेट्रीचंड्र महोत्सव: महिलाओं व बच्चियों की भव्य बाइक रैली, जय झूलेलाल के जयघोष से गूंजा तिल्दा-नेवरा

    चेट्रीचंड्र महोत्सव: महिलाओं व बच्चियों की भव्य बाइक रैली, जय झूलेलाल के जयघोष से गूंजा तिल्दा-नेवरा

    तिल्दा-नेवरा में 16 मार्च को चेट्रीचंड्र महोत्सव, वर्ल्ड फेमस नंबर वन सिंधी सिंगर मोहित लालवानी देंगे प्रस्तुति

    तिल्दा-नेवरा में 16 मार्च को चेट्रीचंड्र महोत्सव, वर्ल्ड फेमस नंबर वन सिंधी सिंगर मोहित लालवानी देंगे प्रस्तुति

    छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत में सीमा विधानी प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त

    छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत में सीमा विधानी प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त

    तिल्दा नेवरा में खुशी की लहर: विकास सुखवानी बने छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत के प्रदेश उपाध्यक्ष

    तिल्दा नेवरा में खुशी की लहर: विकास सुखवानी बने छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत के प्रदेश उपाध्यक्ष

    पलक विकास सुखवानी के प्रयासों से वार्ड 13 में गार्डन व चौपाटी निर्माण को 1 करोड़ की स्वीकृति, मंत्री टंक राम वर्मा का जताया आभार

    पलक विकास सुखवानी के प्रयासों से वार्ड 13 में गार्डन व चौपाटी निर्माण को 1 करोड़ की स्वीकृति, मंत्री टंक राम वर्मा का जताया आभार

    तिल्दा नेवरा की प्रतिभा का चमका सितारा: तनुजा वर्मा को भरतनाट्यम में मिले चार स्वर्ण पदक

    तिल्दा नेवरा की प्रतिभा का चमका सितारा: तनुजा वर्मा को भरतनाट्यम में मिले चार स्वर्ण पदक