
इंदौर। कालानी नगर चौराहे पर पुलिस चेकिंग के दौरान बचने की कोशिश में एक नशे में धुत ट्रक ड्राइवर ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी। ट्रक बड़ा गणपति चौराहे तक डेढ़ किलोमीटर तक बेकाबू दौड़ता रहा और करीब 20 वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में 2 साल के मासूम संविद और 50 वर्षीय लक्ष्मीकांत सोनी की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए।ट्रक में एक बाइक करीब 600 मीटर तक फंसी रही और बड़ा गणपति चौराहे पर स्पार्किंग के चलते वाहन में आग लग गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।घायलों को गीतांजलि, बांठिया और अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह, संभागायुक्त सुदाम खाड़े, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यपमित्र भार्गव मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना।








