
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चौरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां कंचन नामक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर रातभर अस्पताल में पलंग नहीं दिया गया। परेशान महिला शौचालय गई, जहां उसने खुद ही नवजात को जन्म दिया। नवजात बच्चा सीधे शौचालय की सीट पर गिर गया, जिससे उसकी सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
स्वजन ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और नर्स दोनों सो रहे थे और महिला की सहायता नहीं की। जब परिजन ने डॉक्टर को जगाया तो उन्हें कहा गया कि सुबह देखा जाएगा। तीन दिन बीत जाने के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। परिजन एसडीएम प्रभात मिश्रा से शिकायत करने पहुंचे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।








