
डिंडौरी (गोरखपुर)। करंजिया विकासखंड के गोरखपुर कस्बे की छोटी पुलिया से चरखुटिया गांव तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार सुबह डिंडौरी-अमरकंटक मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार करंजिया शैलेष गौर और गाड़ासरई थाना प्रभारी गिरवर सिंह उईके पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आठ दिन के भीतर अतिक्रमण हटाकर वैकल्पिक व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीण मान गए और लगभग एक घंटे बाद, सुबह 11 बजे जाम खत्म हुआ।

ग्रामीणों का कहना है कि गोरखपुर की छोटी पुलिया से चरखुटिया गांव तक जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण के कारण मार्ग नहीं बन पा रहा है। इससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि हर सोमवार गोरखपुर के साप्ताहिक बाजार में खरीदी के लिए आना-जाना पड़ता है, लेकिन रास्ता न होने से दिक्कत होती है।गौरतलब है कि ग्रामीणों की इस समस्या को पहले भी समाचार पत्रों में प्रकाशित किया जा चुका है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा ध्यान न देने पर लोगों को चक्का जाम करना पड़ा।








