
शहडोल। बिरसा मुंडा शासकीय मेडिकल कॉलेज के लेबर रूम में महिला इंटर्न डॉक्टरों के बीच आपसी विवाद और जमकर मारपीट हो गई। घटना शुक्रवार रात को हुई, जिसमें एक डॉक्टर ने दूसरी डॉक्टर के बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और कपड़े फाड़ दिए। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।इस पूरे घटनाक्रम को नर्सिंग स्टाफ, गार्ड और अन्य मेडिकल कर्मचारी सीसीटीवी कैमरे में कैद कर चुके हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। पीड़ित डॉक्टर ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है।बताया गया कि विवाद में शामिल इंटर्न डॉक्टर का यह पहला विवाद नहीं है। पहले भी वह कई घटनाओं में विवादित रही है। कॉलेज प्रशासन ने जांच कमेटी बना दी है। विवाद में शामिल डॉक्टरों के अभिभावकों को भी बुलाया गया है।अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह ने कहा कि जांच रिपोर्ट सोमवार तक तैयार हो जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डॉक्टरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।